
Miss India Chhattisgarh 2026: छत्तीसगढ़ की माटी ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। भिलाई की रहने वाली प्रतिभाशाली एमबीबीएस (MBBS) छात्रा अनुष्का सोन को फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें संस्करण के लिए ‘मिस इंडिया छत्तीसगढ़’ चुना गया है। चिकित्सा की पढ़ाई के साथ-साथ ग्लैमर की दुनिया में अनुष्का की यह उड़ान उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पंख देना चाहते हैं।

कोलकाता से मुंबई तक का चुनौतीपूर्ण सफर
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का सफर आसान नहीं था। चयन प्रक्रिया की शुरुआत कोलकाता में हुई, जहां सैकड़ों योग्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अनुष्का ने अपनी बुद्धिमत्ता और आत्मविश्वास के दम पर ‘टॉप 5’ फाइनलिस्ट में जगह बनाई। इसके बाद मुंबई में हुए ग्रैंड ऑडिशन में उन्होंने जजों का दिल जीत लिया और राज्य का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया।

दिग्गज जजों ने परखा अनुष्का का टैलेंट
मुंबई में आयोजित फाइनल ऑडिशन के दौरान पैनल में देश की मशहूर हस्तियां शामिल थीं। अनुष्का को इस खिताब के लिए चुनने वाले निर्णायकों में शामिल थे:
- नताशा ग्रोवर (फेमिना मिस इंडिया की मेंटर)
- निकिता पोरवाल (फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024)
- गोकुल गणेशन (मिस्टर इंडिया वर्ल्ड 2024)
- अल्तमास फराज, सचिन कुम्भार, डॉ. ब्लॉसम कोच्चर और प्रसिद्ध कोरियोग्राफर संदीप सोपरकर।
अब भुवनेश्वर में होगा महामुकाबला
छत्तीसगढ़ का खिताब जीतने के बाद अनुष्का अब अगले चरण की तैयारी में जुट गई हैं। देशभर के विभिन्न राज्यों से चुनी गई सुंदरियों को एक महीने का कड़ा प्रशिक्षण (Training) दिया जाएगा। इसके बाद भुवनेश्वर में एक भव्य समारोह आयोजित होगा, जहां ‘फेमिना मिस इंडिया 2026’ का फाइनल क्राउन दिया जाएगा। जो भी प्रतिभागी विजेता बनेगी, वह मिस वर्ल्ड (Miss World) प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
क्या है फेमिना मिस इंडिया?
फेमिना मिस इंडिया, द टाइम्स ग्रुप (The Times Group) द्वारा आयोजित भारत की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता है। यह केवल बाहरी सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, सामाजिक समझ, कम्युनिकेशन स्किल्स और आत्मविश्वास का मूल्यांकन करती है। इसी मंच ने देश को ऐश्वर्या राय, प्रियंका चोपड़ा, सुष्मिता सेन और मानुषी छिल्लर जैसी वैश्विक हस्तियां दी हैं।





