Glenn Maxwell IPL Retirement: मैक्सवेल ने IPL से लिया संन्यास, इमोशनल पोस्ट में फैंस को कहा शुक्रिया

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सबसे मनोरंजक और विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल ने आखिरकार दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग को अलविदा कह दिया है। 37 वर्षीय ‘बिग शो’ के नाम से मशहूर इस खिलाड़ी ने घोषणा की है कि वह आगामी IPL 2026 मिनी-ऑक्शन में अपना नाम शामिल नहीं करेंगे, जो उनके 14 साल के लंबे IPL करियर के अंत का स्पष्ट संकेत है।
सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट
मैक्सवेल ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने फैसले की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि आईपीएल में कई अविस्मरणीय सीजन बिताने के बाद, मैंने फैसला किया है कि इस साल नीलामी के लिए अपना नाम नहीं दूंगा। यह एक बड़ा फैसला है, और इस लीग ने मुझे जो कुछ भी दिया, उसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं भाग्यशाली रहा कि विश्व स्तरीय टीममेट्स के साथ खेला, शानदार फ्रेंचाइजियों का प्रतिनिधित्व किया और ऐसे फैंस के सामने प्रदर्शन किया, जिनका जुनून बेमिसाल है। भारत की यादें, चुनौतियां और ऊर्जा मेरे साथ हमेशा रहेंगी। इतने सालों से सपोर्ट करने के लिए आप सभी का शुक्रिया।
खराब फॉर्म और चोट बनी वजह
मैक्सवेल का यह फैसला उनके हालिया प्रदर्शन में आई गिरावट के बाद आया है। IPL 2025 में पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेलते हुए वह अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। वह छह पारियों में सिर्फ 48 रन ही बना पाए, जिसके बाद अंगुली की चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। इसी खराब प्रदर्शन के चलते PBKS ने उन्हें 2026 सीज़न से पहले रिलीज कर दिया था। इससे पहले, IPL 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था।
मैक्सवेल ने 2012 में दिल्ली कैपिटल्स से अपने IPL करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने करियर में 141 मैच खेले, जिसमें 155.14 की स्ट्राइक रेट से 2,819 रन बनाए और 41 विकेट भी लिए। हालांकि, उनके शानदार प्रदर्शन का दौर उतार-चढ़ाव भरा रहा। अब वह अंतरराष्ट्रीय टी20 और बिग बैश लीग (BBL) पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगे।





