Vande Mataram in Rajnandgaon: देशभक्ति की गूंज, हर स्कूल में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन
राजनांदगांव। आज पूरा देश “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया, जिसका सीधा प्रसारण जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में किया गया। छात्रों, शिक्षकों और अधिकारियों ने राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन कर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को एक बार फिर जीवंत किया।
चार चरणों में पूरे देश में होंगे आयोजन
सरकार ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चार चरणों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है:
पहला चरण: 7 से 14 नवम्बर 2025
दूसरा चरण: 19 से 26 जनवरी 2026
तीसरा चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)
चौथा चरण: 1 से 7 नवम्बर 2026
इन चरणों के दौरान राज्य, जिला, जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे। स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी दफ्तरों और सामाजिक संगठनों में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ देशभक्ति आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
राजनांदगांव में पीएमश्री स्कूल में हुआ मुख्य आयोजन
राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल, पीएमश्री सहायक नोडल एपीसी आदर्श वासनिक, मनोज मरकाम, प्रशांत बंजारे, शिक्षकगण और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में छात्रों ने रंग-बिरंगे झंडों, नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से देशभक्ति का माहौल बना दिया।
राष्ट्रीय चेतना और एकता का संदेश
“वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के आयोजन का उद्देश्य देश में राष्ट्रीय चेतना, एकता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को सशक्त बनाना है। जिला प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और युवाओं को अपने राष्ट्र के प्रति गर्व का अनुभव होता है।





