
रायपुर: नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में सुरक्षाबलों को एक ऐतिहासिक कामयाबी मिलने की खबर आ रही है। छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश की सीमा पर हुई एक भीषण मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए हैं। सबसे बड़ी सूचना यह है कि मारे गए नक्सलियों में माओवादियों की मिलिट्री बटालियन का खूंखार कमांडर हिड़मा (Commander Hidma) और उसकी पत्नी राजे भी शामिल हैं।
आंध्र प्रदेश पुलिस का कहना है कि मारे गए नक्सलियों के शवों की पहचान की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर यह लगभग तय माना जा रहा है कि मरने वालों में हिड़मा भी शामिल है।
‘ग्रेहाउंड्स’ का बड़ा ऑपरेशन
मिली जानकारी के अनुसार, यह बड़ी सफलता आंध्र प्रदेश पुलिस की एलीट एंटी-नक्सल फोर्स ‘ग्रेहाउंड्स’ (Greyhounds) को मिली है। ग्रेहाउंड्स की टीम छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा पर स्थित अल्लूरी सीताराम जंगल में एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दे रही थी। इसी दौरान उनका सामना नक्सलियों के एक बड़े समूह से हो गया।
नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद ग्रेहाउंड्स के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से चली भीषण गोलीबारी में 6 नक्सलियों के ढ़ेर होने की खबर है।
कौन था हिड़मा?
हिड़मा को नक्सली आंदोलन का एक बड़ा और खूंखार कमांडर माना जाता था। वह छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पूर्वति गांव का रहने वाला था। हिड़मा नक्सलियों की मिलिट्री बटालियन नंबर 1 का कमांडर था और कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है, जिनमें सुरक्षाबलों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। हिड़मा पर कई राज्यों में भारी-भरकम ईनाम घोषित था।
हिड़मा की पत्नी राजे के भी मारे जाने की सूचना
इस एनकाउंटर में हिड़मा की पत्नी राजे के भी मारे जाने की सूचना है। आंध्र पुलिस फिलहाल मारे गए सभी 6 नक्सलियों के शवों की शिनाख्त करने में जुटी है। अगर हिड़मा के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो यह नक्सलवाद की कमर तोड़ने वाली अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक होगी।





